समर कैम्प 2026 का भव्य समापन समारोह
3 जुलाई 2026 को जयशंकर मेमोरियल सेंटर (जेएमसी) में समर कैम्प 2026 के समापन अवसर पर एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों, समुदाय के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न संस्थानों के अतिथियों सहित लगभग 200 लोगों ने भाग लेकर समारोह की शोभा बढ़ाई।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रश्मि सिंह (आईएएस), सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग थीं, जो अपनी टीम के साथ समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर सीडीपीओ अरुणा जी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुरेन्द्र जी, संजय कुमार जी (रीजनल डायरेक्टर, डीटीएनबीडब्लूईडी, श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय, भारत सरकार), नेहरू नगर अस्पताल से धर्मेंद्र जी एवं उनकी टीम, तथा हड्डू मोहल्ला सेवा समिति के सचिव श्री अनिल गुप्ता जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों के स्वागत से हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. रश्मि सिंह ने बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय को समर कैम्प के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने जेएमसी की सचिव रहीं स्वर्गीय विमला मैम के कार्यों की सराहना करते हुए साथ शिक्षकों तथा पूरी टीम द्वारा समुदाय और बच्चों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इसके बाद जयशंकर मेमोरियल सेंटर का परिचय देते हुए समुदाय से प्राप्त सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने संस्थापक जयशंकर जी के जीवन और विचारों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समानता और शिक्षा के प्रसार के प्रबल समर्थक थे। साथ ही उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को उनका जन्मदिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम का संचालन मंजू एवं गुड्डी ने किया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों के मनमोहक नृत्य, गीत, रैप प्रस्तुति और गर्मी से बचाव एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित सभी लोगों की खूब सराहना प्राप्त की।
इंटर्न नील ने जेएमसी से जुड़े अपने वर्षों के अनुभव साझा करते हुए बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की प्रशंसा की। श्रीमती लक्ष्मी अरोड़ा जी वरिष्ठ वाॅलिंट्री टीचर जो कि जेएमसी में आकर बच्चों को बेसिक हिन्दी व अग्रेंजी का ज्ञान देती हैं ने अपने विचार साझा किए। वहीं मंजिल मिस्टिक्स के रोहित एवं काजल के मार्गदर्शन में तैयार किए गए प्रेरणादायक गीत ‘‘दौलत और शोहरत’’ की बच्चों द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई।








संजय कुमार जी ने अपने संबोधन में बच्चों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत का महत्व समझाते हुए जीवन में सफलता के लिए इन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। मारिया ने भी बच्चों की मेहनत और समर कैम्प के सकारात्मक प्रभाव की सराहना की। श्री अनिल गुप्ता जी ने समुदाय में जेएमसी की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी अपना सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
जेएमसी के शिक्षक राशिद जी ने अभिभावकों से बच्चों के साथ किसी प्रकार का लिंग भेदभाव न करने तथा हर परिस्थिति में उनकी शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। समर कैम्प में भाग लेने वाली कक्षा सातवीं की छात्रा सोनाक्षी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस शिविर ने उन्हें सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर दिया।
कार्यक्रम का एक विशेष भावनात्मक क्षण तब आया जब जेएमसी की पूर्व छात्रा अफसाना, जो वर्तमान में कलकत्ता में रहती हैं, ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने जेएमसी से प्राप्त शिक्षा, मार्गदर्शन और जीवन मूल्यों के लिए संस्था एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


समारोह के अंत में स्वयंसेवक नील, मारिया तथा मंजिल मिस्टिक्स की टीम को बच्चों द्वारा बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन बॉबी द्वारा सभी अतिथियों, बच्चों, अभिभावकों, वाॅलिंटियर, न्यू कॉन्सेप्ट टीम तथा जेएमसी परिवार के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
समर कैम्प 2026 का यह समापन समारोह केवल प्रतिभाओं के प्रदर्शन का मंच नहीं था, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सामुदायिक सहभागिता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्सव भी था। जयशंकर मेमोरियल सेंटर भविष्य में भी बच्चों और समुदाय के समग्र विकास के लिए इसी प्रकार के सार्थक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
