गर्मी की छुट्टियों में ज्ञान और खेल का सुंदर संगम
गर्मी की तेज धूप और लंबे अवकाश के बीच, जयशंकर मेमोरियल सेंटर ने 2 जून 2025 से बच्चों के लिए एक विशेष समर कैंप की शुरुआत की। यह कैंप न केवल मनोरंजन से भरपूर है, बल्कि बच्चों को हिंदी भाषा सिखाने का एक अनोखा प्रयास भी है।
इस वर्ष का समर कैंप पहले से अलग है, क्योंकि इसमें खेलों और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से हिंदी भाषा की मूलभूत समझ को मज़ेदार तरीके से सिखाया जा रहा है। बच्चों को उनकी भाषा क्षमता के अनुसार तीन श्रेणियों में बाँटा गया:


1. पहली श्रेणी : वे बच्चे जो केवल वर्णों और व्यंजनों की पहचान कर सकते हैं।
2. दूसरी श्रेणी : वे जो शब्दों का निर्माण करना जानते हैं।
3. तीसरी श्रेणी : वे जो वाक्य बनाना सीख रहे हैं।
समर कैंप का पहला दिन
लगभग 60 बच्चों ने तीनों श्रेणियों में मिलकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
- प्रथम श्रेणी:
यहाँ बच्चों को ज़मीन पर बने हिंदी वर्णों के माध्यम से खेल-खेल में उच्चारण और पहचान सिखाई गई। - दूसरी श्रेणी:
‘समूह बनाओ, शब्द बताओ’ जैसे खेलों से शब्द जोड़ने और बोलने का अभ्यास कराया गया, फिर ब्लैकबोर्ड पर उन्हें लिखवाया भी गया। - तीसरी श्रेणी:
बच्चों को शब्दों से वाक्य बनाने की गतिविधि कराई गई, जहाँ हर जोड़े को एक शब्द से वाक्य बनाना था, जिसे फिर ब्लैकबोर्ड पर साझा किया गया।
पहले दिन का वातावरण बेहद उत्साहपूर्ण और रचनात्मक रहा। बच्चों ने न केवल सीखा, बल्कि खेल के माध्यम से हिंदी को गहराई से समझा।
अगले कुछ दिनों में समर कैंप और भी रोचक गतिविधियों और सीखने के अनुभवों से भरा रहेगा।
