फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम
दिनांक 3 अगस्त 2025 को जयशंकर मेमोरियल सेंटर में रेमिडियल कक्षाओं के बच्चों एवं शिक्षकों के लिए फायर सेफ्टी जागरूकता एवं फायर ड्रिल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने तथा उचित बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 60 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें अधिकांश छात्राएं थीं।
प्रशिक्षण का संचालन डी.एस. सेफ्टी सिस्टम के अनुभवी प्रशिक्षक श्री राकेश जी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर सही निर्णय लेने, सुरक्षित निकास (इमरजेंसी एग्जिट) का उपयोग करने तथा समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ फायर ड्रिल का व्यावहारिक अभ्यास भी किया।
सत्र के दौरान बच्चों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे, जैसे-बिजली से लगी आग बुझाने के लिए किस प्रकार के अग्निशामक यंत्र का उपयोग किया जाता है, क्या सभी प्रकार की आग एक ही अग्निशामक से बुझाई जा सकती है, तथा CO₂, ABC और CO अग्निशामक यंत्र किन-किन प्रकार की आग के लिए उपयुक्त होते हैं। इसके अतिरिक्त, घर में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गई।
श्री राकेश जी ने सभी प्रश्नों के सरल एवं व्यावहारिक उत्तर दिए और आग से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी साझा की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों और शिक्षकों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं सफल रहा। जयशंकर मेमोरियल सेंटर भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और समुदाय की सुरक्षा एवं क्षमता निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।


